हल्दिबारी ,झापा । नेपाल के प्रथम जननिर्वाचित प्रधानमंत्री एवं नेपाली कांग्रेस के संस्थापक नेता विश्वेश्वर प्रसाद (बीपी) कोइराला की स्मृति में हल्दीबारी में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर बीपी स्मृति दिवस मनाया गया।

नेपाली कांग्रेस हल्दीबारी गांव समिति के संयोजन में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंवला, सिरिस, आम सहित २० विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

गांव समिति के अध्यक्ष गंगा प्रसाईं की अध्यक्षता में आयोजित इस पौधारोपण कार्यक्रम में नेपाली कांग्रेस के क्षेत्रीय सभापति एवं भद्रपुर नगरपालिका के प्रमुख गणेश पोख्रेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
कार्यक्रम में झापा क्षेत्र नं. ३ के कांग्रेस नेता राजेंद्र घिमिरे, नेपाल महिला संघ झापा क्षेत्र नं. ३ की अध्यक्ष उर्मिला गौतम सहित जिला एवं गांव कार्यसमिति के पदाधिकारियों, नेताओं और शुभचिंतकों की उपस्थिति रही।
संबोधन के दौरान अध्यक्ष प्रसाईं ने कहा कि बीपी के विचारों, आदर्शों और योगदान से प्रेरणा लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन के उद्देश्य से इस पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
इसी कार्यक्रम के दौरान जनता समाजवादी पार्टी (जसपा), नेपाल के स्थानीय नेता ध्रुव श्रेष्ठ नेपाली कांग्रेस में शामिल हो गए। वर्ष २०७९ के प्रांतीय चुनाव में झापा क्षेत्र नं. ३ (ख) से उम्मीदवार रहे पूर्व शिक्षक श्रेष्ठ का खादा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया गया।
कांग्रेस क्षेत्रीय सचिव भूपाल बस्नेत द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में स्थानीय कांग्रेस समर्थकों एवं शुभचिंतकों की उपस्थिति रही।
