काठमांडू । नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर आए भारतीय थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना की ‘मानद जनरल’ (मानद महारथी) की उपाधि से विभूषित किया गया है। राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में सोमवार को आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने उन्हें इस सम्मान से नवाजा।

समारोह में उपराष्ट्रपति रामसहाय प्रसाद यादव, विदेश मंत्री, नेपाली सेनापति अशोक राज सिग्देल तथा नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव सहित कई उच्च पदस्थ अधिकारी उपस्थित रहे। भारत और नेपाल के बीच पिछले 76 वर्षों से एक-दूसरे देश के सेना प्रमुखों को मानद जनरल की उपाधि देने की यह विशिष्ट और ऐतिहासिक परंपरा निरंतर जारी है।

अपनी यात्रा के दौरान जनरल सेठ ने टुंडीखेल स्थित सैनिक मंच पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और जंगी अड्डा (नेपाली सेना मुख्यालय) में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ स्वीकार किया। उन्होंने नेपाली सेनापति अशोक राज सिग्देल के साथ द्विपक्षीय हित, रक्षा सहयोग और दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहकार्य को और मजबूत बनाने के विषयों पर औपचारिक वार्ता भी की।
भारत और नेपाल के बीच भौगोलिक निकटता तथा गहरे सांस्कृतिक संबंधों के साथ-साथ सैन्य स्तर पर बना यह ऐतिहासिक भाईचारा दोनों देशों के रणनीतिक एवं कूटनीतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।
